जिले के अं.चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाण्डरवानी राउतटोला में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान हुई महिला हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया जाना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 को चौकी पाटनखास क्षेत्र के ग्राम पाण्डरवानी स्थित तालाब में गहरीकरण कार्य के दौरान एक महिला की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर महिला मृत अवस्था में मिली, जिनके गर्दन के पीछे धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
मृतका के पुत्र अशोक कुमार यादव (25 वर्ष) की रिपोर्ट पर आरोपी निलेश कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डरवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 में मामला दर्ज किया गया।
जिले के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिराग जैन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अं.चौकी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना अंबागढ़ चौकी प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर एवं चौकी पाटनखास प्रभारी उप निरीक्षक गणेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। शव पंचनामा उपरांत पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी पाटनखास के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ