Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मां की सजगता और ‘हमर स्वस्थ लइका’ का असर: 16 हफ्तों में सामान्य श्रेणी में लौटी हिमांशी

NBP NEWS/मोहला, 16 फरवरी 2026।
जिले के मोहला-बी सेक्टर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की नन्ही बालिका हिमांशी कोवाची, जो कभी अति गंभीर कुपोषण (SAM) की श्रेणी में चिन्हित की गई थी, अब सामान्य श्रेणी में पहुंच गई है। यह परिवर्तन ‘हमर स्वस्थ लइका’ कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सतत निगरानी और मां की सजगता का परिणाम है।
प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच में हिमांशी का वजन मात्र 9.2 किलोग्राम पाया गया था, जो उसकी आयु के अनुरूप काफी कम था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत ‘हमर स्वस्थ लइका’ कार्यक्रम के तहत पंजीकृत कर विशेष निगरानी में रखा गया।

हिमांशी की मां कनक कोवाची ने पूरी जिम्मेदारी के साथ डाइट कैलेंडर का पालन किया। उन्होंने बच्ची के आहार में दाल, हरी सब्जियां, अंडा और दूध जैसे पौष्टिक तत्वों को नियमित रूप से शामिल किया। साथ ही पूरक आहार समय पर देना और स्वच्छता बनाए रखना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यशोदा कृषक ने नियमित गृह भ्रमण कर परिवार को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। टेक होम राशन (THR) का वितरण, मासिक वजन मापन, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

लगातार 16 सप्ताह तक चली इस समन्वित देखभाल और पोषण प्रबंधन का सकारात्मक परिणाम सामने आया। हिमांशी का वजन 9.2 किलोग्राम से बढ़कर 11.50 किलोग्राम हो गया। उसकी सक्रियता और भूख में उल्लेखनीय सुधार देखा गया और वह अति गंभीर कुपोषण की श्रेणी से बाहर निकलकर सामान्य श्रेणी में आ गई।
यह सफलता कहानी दर्शाती है कि समय पर पहचान, मातृ सजगता, आंगनबाड़ी की सक्रिय भूमिका और पोषण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से कुपोषण जैसी गंभीर समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ