Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

विधायक भोलाराम साहू का आरोप – डिप्टी सीएम विजय शर्मा का शासकीय तंत्र फेल, प्रशासन ने किया गुमराह

NBP NEWS/अंबागढ़ चौकी, 28 जनवरी 2026

मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहोरनभेड़ी में कथित तौर पर धान बिक्री टोकन निरस्त होने और धान नहीं खरीदे जाने से आहत एक किसान युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा गठित जांच टीम के गांव पहुंचने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
कांग्रेस जांच टीम के प्रमुख सदस्य एवं खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने प्रशासन और शासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डिप्टी सीएम विजय शर्मा का शासकीय तंत्र पूरी तरह फेल है और उन्हें प्रशासन द्वारा गुमराह किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा था – मुझे जानकारी नहीं

गौरतलब है कि 24 जनवरी को मोहला-मानपुर जिले के दौरे के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री, गृह मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया के सवाल पर कहा था कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और यह जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिल रही है। उन्होंने कहा था कि वे पूरे मामले की जानकारी लेकर सच्चाई सामने लाएंगे।
डिप्टी सीएम की इसी प्रतिक्रिया को लेकर विधायक भोलाराम साहू ने सवाल खड़े किए हैं।
20 जनवरी को की थी, आत्महत्या

यह मामला मोहला-मानपुर जिले के ग्राम बहोरनभेड़ी का है, जहां करीब 25 वर्षीय किसान युवक खोमन साहू ने 20 जनवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि धान बिक्री टोकन निरस्त होने और धान नहीं खरीदे जाने की सूचना से युवक मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान था। खाद, बीज और ट्रैक्टर के कर्ज की चिंता में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
कांग्रेस की जांच टीम ने की पड़ताल

मामले के सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 24 जनवरी को जांच समिति का गठन किया। समिति गठन के अगले दिन मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, पूर्व विधायक छन्नी साहू, मोहला-मानपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में जांच टीम ग्राम बहोरनभेड़ी पहुंची।
टीम ने मृतक के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और उनका बयान दर्ज कर मामले की जानकारी ली।

मृतक के भाई ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

इस दौरान मृतक के भाई मनसुख लाल साहू ने मीडिया और जांच टीम के सामने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि धान टोकन निरस्त होने की सूचना मिलने के बाद उनका भाई घर से निकल गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी अगले दिन गांव में उनकी जमीन के पास उसकी लाश मिली।
मनसुख साहू ने आरोप लगाया कि जब वे शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी लेकर गए, तो पुलिस ने तीन-चार पन्नों में उनसे हस्ताक्षर करवा लिए, लेकिन उन कागजों में क्या लिखा गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका भाई शराब का आदी नहीं था और शराब के नशे में आत्महत्या करने की बात पूरी तरह गलत है।
उनके अनुसार, धान का टोकन निरस्त होना ही उनके भाई की आत्महत्या कारण हैं।
फोन पर दी गई धमकी ने बढ़ा मानसिक दबाव

मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक भोलाराम साहू ने बताया कि मृतक परिवार के पास दो धान टोकन थे, जिनके तहत लगभग 180 क्विंटल धान की बिक्री होनी थी। लेकिन कथित तौर पर किसी किसान मित्र या पटवारी के माध्यम से फोन कर यह बताया गया कि आपका टोकन निरस्त कर दिया गया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि यदि आप धान लेकर आए तो, ट्रैक्टर सहित धान जब्त कर लिया जाएगा और जेल भेज दिया जाएगा।
विधायक ने कहा कि धान नहीं बेच पाने के कारण खाद, बीज और ट्रैक्टर का कर्ज चुकाने की चिंता में युवक मानसिक रूप से टूट गया और उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की तथा शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह

निष्पक्ष जाँच कि गईं है, ग्रामीणों की उपस्थिति एवं पूर्व सरपंच के सामने परिजनों का बयान दर्ज किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ