Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला मंडई में रागी उत्पादों की धूम, महिला समूह को शानदार प्रतिसाद

NBP NEWS/मोहला, 15 फरवरी 2026
जिले की बहु चर्चित मोहला मंडई आयोजन में बस स्टैंड के सामने महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल देखने को मिली। "श्री अन्न रूरल फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड" से जुड़ी महिलाओं के समूह ने रागी (श्री अन्न) से बने छह प्रकार के पौष्टिक एवं स्वादिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों में रागी लड्डू, ऑरेंज कुकीज़, हेल्दी बार, मार्बल कुकीज़, ओट्स कुकीज़ एवं रागी नानखटाई शामिल रहे। पारंपरिक अनाज रागी से बने इन उत्पादों को मंडई में पहुंचे लोगों ने काफी पसंद किया। स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक होने के कारण इनकी मांग भी अच्छी रही।
कार्यक्रम के दौरान केवल दो दिनों में महिलाओं ने लगभग 6 हजार रुपये का व्यवसाय किया, जो उनके लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुई। स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों ने उत्पादों की गुणवत्ता और स्वाद की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को समर्थन देने की बात कही।
महिला समूह की इस पहल को आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम माना जा रहा है। श्री अन्न को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के उद्देश्य से किया गया यह प्रयास न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का उदाहरण है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उद्यमिता को भी नई पहचान दे रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ