Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मिनी स्टेडियम मोहला में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

NBP NEWS/मोहला, 26 जनवरी 2026।
जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में लोकसभा क्षेत्र राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय ने ध्वजवंदन किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ तथा बटालियन, पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी गई।
इस अवसर पर सांसद पाण्डेय ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं तिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए तथा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
संविधान और समानता के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान

सांसद संतोष पाण्डेय ने 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और संविधान निर्माताओं के योगदान का प्रतीक है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता और समानता का अधिकार दिया है। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि समानता का अधिकार इसी भावना को अभिव्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक लोक-कल्याणकारी राज्य के रूप में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक-आर्थिक न्याय के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा गठित छत्तीसगढ़ राज्य को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है, जिसके लिए ‘अंजोर विजन डॉक्यूमेंट’ के रूप में रोडमैप तैयार किया गया है।
विकास, सुरक्षा और जनकल्याण पर जोर

सांसद पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में अधोसंरचना का तीव्र विकास हुआ है। माओवादी हिंसा के विरुद्ध प्रभावी रणनीति अपनाई गई है तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं विकास योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता, महिला सशक्तीकरण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

समारोह में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित जीवंत झांकियां निकाली गईं। इस दौरान वीर शहीदों के परिजनों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रथम

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पेंदाकोड़ा, प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला, स्वामी आत्मानंद स्कूल मोहला, डीएनटी पब्लिक स्कूल मोहला, पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला एवं लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल मोहला के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद स्कूल मोहला को प्रथम, पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला को द्वितीय एवं लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल मोहला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
झांकी प्रतियोगिता में कृषि विभाग अव्वल

झांकी प्रतियोगिता में कृषि विभाग को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय तथा स्कूल शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
गणमान्य जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत सदस्य नरसिंग भंडारी, सरपंच मोहला गजेंद्र पुरामें सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत भारती चन्द्राकर, एसपी यशपाल सिंह, डीएफओ दिनेश पटेल, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम एवं श्री मिथलेश डोंडे सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ