Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

77वें गणतंत्र दिवस पर लोकभवन रायपुर में जिले की प्रतिभाओं का हुआ सम्मानजनक प्रतिनिधित्व

NBP NEWS/ मोहला, 29 जनवरी 2026

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित सायंकालीन स्वागत समारोह ‘एट होम’ में जिले की दो विशिष्ट प्रतिभाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रख्यात ओड़िसी नृत्य कलाकार कु. माधुरी पुरामे एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरास्वीमिंग खिलाड़ी श्री रूपेश चेनापे विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान दोनों प्रतिभाओं ने राज्यपाल महामहिम रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय मंत्री सहित राज्य के अनेक अतिविशिष्टजनों से आत्मीय मुलाकात की। सांस्कृतिक एवं खेल के क्षेत्र में जिले की सशक्त पहचान को दर्शाते हुए इन प्रतिभाओं ने जिले और राज्य का नाम गौरवान्वित किया।
उल्लेखनीय है कि पैरास्वीमिंग खिलाड़ी श्री रूपेश चेनापे ने राज्य स्तरीय पैरास्वीमिंग प्रतियोगिता, बिलासपुर में विभिन्न श्रेणियों में तीन स्वर्ण पदक अर्जित किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय पैरास्वीमिंग प्रतियोगिता, हैदराबाद में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
वहीं ओड़िसी नृत्य कलाकार कु. माधुरी पुरामे ने भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओड़िसी नृत्य महोत्सव, शिमला में आयोजित अखिल भारतीय नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिता सहित नेपाल, मलेशिया, असम, पुणे (महाराष्ट्र) एवं मडगांव (गोवा) में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सवों में सहभागिता कर जिले की कला प्रतिभा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है।

इन दोनों प्रतिभाओं की उपलब्धियां जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह साबित करती हैं कि मेहनत व समर्पण से जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ