ग्राम अरजकुंड में आयोजित मड़ई मेले के दौरान युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले फरार आरोपियों को अंबागढ़ चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को मड़ई मेला कार्यक्रम के दौरान ग्राम हिददड़ निवासी युवक के साथ कुछ युवकों द्वारा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई तथा चाकू व हाथ-मुक्कों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना अंबागढ़ चौकी में अपराध क्रमांक 14/2026 अंतर्गत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई।
अं चौकी पुलिस ने आरोपी जयंत विश्वकर्मा (18), जावेद विश्वकर्मा (18) निवासी ग्राम कौड़ीकसा, गोपाल सिंह निवासी गोपलिनचुवा एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि मड़ई मेले की सूचना पूर्व में थाने को नहीं दी गई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था नहीं लग सकी। पुलिस ने ग्राम पंचायतों व आयोजकों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों की सूचना समय पर देकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
0 टिप्पणियाँ