मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी भारती चंद्राकर ने बुधवार को जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत ख्वासफड़की एवं तोलूम में चल रहे आजीविका डबरी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डबरी निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा एवं तकनीकी सहायक मनरेगा को डबरी निर्माण से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण पूर्ण होने के पश्चात आजीविका डबरियों का उपयोग विभिन्न लाइन विभागों के साथ अभिसरण करते हुए किया जाए, ताकि हितग्राहियों को फलदार पौधों का रोपण एवं मत्स्य पालन हेतु बीज उपलब्ध कराए जा सकें। साथ ही विभागीय अधिकारियों को आजीविका डबरी से जुड़े हितग्राहियों का विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे डबरियों के माध्यम से स्थायी आजीविका सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान हनीश खान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मानपुर, सहायक अभियंता पीएमएवाई-जी (PMAY-G) सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ