Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कनेरी राशन दुकान में बड़ा घोटाला, खाद्य आयोग अध्यक्ष के निर्देश पर दुकान सील


NBP NEWS/मोहला, 28 जनवरी 2026।
राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा के एक दिवसीय प्रवास के दौरान प्राप्त शिकायत पर ग्राम कनेरी की उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल के साथ कनेरी पहुँचे शर्मा को देखते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष अपने राशन कार्ड लेकर मौके पर पहुँच गए और दुकानदार की अनियमितताओं की शिकायत की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम कनेरी स्थित उचित मूल्य दुकान बंद पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि दिसंबर माह में राशन दुकानदार द्वारा पॉश मशीन में अंगूठा लगवाकर बाद में राशन देने का आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया गया। वहीं कई उपभोक्ताओं को निर्धारित 35 किलो चावल के स्थान पर मात्र 15 किलो चावल ही वितरित किया गया।
दुकान के भौतिक निरीक्षण में कोई भी खाद्यान्न भंडारित नहीं पाया गया, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 134.94 क्विंटल चावल, 5.53 क्विंटल शक्कर एवं 9.49 क्विंटल नमक उपलब्ध होना चाहिए था। जांच में 134.94 क्विंटल चावल, 2.01 क्विंटल शक्कर तथा 3.93 क्विंटल नमक की गंभीर गड़बड़ी सामने आई।
इस गंभीर अव्यवस्था पर खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल दुकान सील करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच पूर्ण होने तक उक्त दुकान को अन्य उचित मूल्य दुकान से संलग्न कर अतिरिक्त भंडारण कराने तथा उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के राशन वितरण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
कार्रवाई के तहत कनेरी की उचित मूल्य दुकान को रामगढ़ स्थित दुकान में संलग्न कर दिया गया है और अतिरिक्त भंडारण कर राशन वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। मामले में दुकान संचालक समूह के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है, वहीं आगे आरआरसी के माध्यम से वसूली की प्रक्रिया भी की जाएगी।
गौरतलब है कि संबंधित समूह के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। यह वही समूह है जो पूर्व में उरवाही गांव में भी उचित मूल्य दुकान का संचालन कर रहा था, जहां अनियमितताओं की खबर एनबीपी न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इसके बाद वहां भी कार्रवाई करते हुए दुकान अन्य समूह को सौंप दी गई थी। कनेरी प्रकरण में हुई त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ