जिला मोहला मानपुर अं चौकी क्षेत्र में बाघ की आमद की आशंका अब पूरी तरह पुख्ता हो चुकी है। वन विभाग द्वारा लगाए गए कैमरा ट्रैप में एक वयस्क नर बाघ की स्पष्ट तस्वीर सामने आई है। डीएफओ दिनेश पटेल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि यह तस्वीर मानपुर दक्षिण वन परिक्षेत्र के वन भूमि कक्ष क्रमांक 1080 में स्थापित कैमरों में कैद हुई है।
दो दिन पहले नवागढ़ क्षेत्र में हुई थी बाघ की गतिविधि
औंधी तहसील के नवागढ़ गांव के आसपास ग्रामीणों ने हाल ही में बाघ की मौजूदगी का संकेत दिया था। गांव के एक पालतू गाय का शिकार करने के बाद बाघ की मौजूदगी की चर्चा पूरे इलाके में फैल गई थी। इसके अलावा, पगमार्क (पदचिह्न) भी नवागढ़ के इर्द–गिर्द जंगल में मिले थे, जिससे वन विभाग तत्काल सक्रिय हो गया।
सुरक्षा के लिए लगाए गए थे तीन कैमरे
बाघ की बढ़ती गतिविधि को देखते हुए वन विभाग ने मंगलवार को नवागढ़ के समीप जंगल में तीन कैमरा ट्रैप लगाए थे। इन्हीं कैमरों में बीती रात बाघ की तस्वीर कैद हुई है, जिससे उसकी आमद पूरी तरह प्रमाणित हो गई।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
बाघ की आमद की पुष्टि के बाद क्षेत्रवासियों में खौफ का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और आवश्यक सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय वन अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और लगातार गश्त कर रहा है।
🔴वन विभाग की अपील
🔴जंगल के किनारों पर अकेले न जाएं
🔴मवेेशियों को खुला न छोड़ें
किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी वन अधिकारियों को सूचना दें
मोहला–मानपुर क्षेत्र में बाघ की इस आमद ने वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों और जंगल में उनकी सुरक्षित उपस्थिति को भी दर्शाया है। वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
0 टिप्पणियाँ