जिले के ग्राम बड़े कलकसा (कौड़ीकसा) की प्रतिभावान युवा कुमारी तेज कुंवर सलामे, पिता चिंताराम सलामे ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में अपना स्थान बनाकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनका चयन जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी एवं बालोद से अनारक्षित वर्ग के अंतर्गत हुआ है। चयन की सूचना मिलते ही पूरे गांव तथा आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
वर्तमान में तेज कुंवर प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, इरागांव (मानपुर) में नगर सैनिक (हॉस्टल ड्यूटी) के रूप में सेवाएं दे रही थीं। अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने तैयारी जारी रखी और समर्पित अभ्यास के बल पर पुलिस विभाग में चयनित होकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
तेज कुंवर ग्राम बड़े कलकसा की प्रथम महिला हैं, जिनका चयन छत्तीसगढ़ पुलिस में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव, ग्रामीण अंचल और समाज के लिए गर्व का विषय बन गई है। गांव के वरिष्ठजनों, समाज के प्रतिनिधियों और परिजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया कि तेज कुंवर बचपन से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति गंभीर रही हैं। उन्होंने लगातार परिश्रम कर यह सफलता अर्जित की है, जो क्षेत्र की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी। ग्रामीणों का कहना है कि तेज कुंवर की यह उपलब्धि समाज में बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देगी।
0 टिप्पणियाँ