12 जुलाई 2009 को कोरकोट्टी में हुए नक्सली हमले में शहीद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद चौबे सहित 29 वीर जवानों की 17वीं पुण्यतिथि पर रविवार को रक्षित केंद्र मोहला स्थित अमर जवान स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आईटीबीपी के अधिकारियों, पुलिस जवानों तथा स्थानीय नागरिकों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 12 जुलाई 2009 को नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान कोरकोट्टी में माओवादियों ने घात लगाकर कायराना हमला किया था, जिसमें तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद चौबे, उप निरीक्षक धनेश साहू सहित कुल 29 जवान शहीद हुए थे। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के कारण आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पूरी तरह नक्सल मुक्त होकर शांति और विकास की राह पर अग्रसर है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह, जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, आईटीबीपी 44वीं वाहिनी पानाबरस के द्वितीय कमान अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह पटेल सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, आईटीबीपी, डीआरजी, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान एसडीएम हेमंत भुआर्य, एसडीओपी मानपुर विनोद मिंज, डीएसपी नेहा पवार, डीएसपी ताजेश्वर दीवान, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह सहित विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पत्रकार अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा कोरकोट्टी नक्सल अभियान में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को समर्पित लेख "कोरकोट्टी" का विमोचन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह, कलेक्टर तूलिका प्रजापति तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा किया गया।
वीर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र मोहला में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
शहादत दिवस पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ