हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को सशक्त करने के उद्देश्य से हिंदू सम्मेलन, मंडल-मोहला का आयोजन आगामी 17 दिसंबर 2025 (बुधवार) को किया जा रहा है। यह भव्य सम्मेलन दशहरा मैदान (मिनी स्टेडियम), मोहला में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, धर्मप्रेमी नागरिक और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन की शुरुआत प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक हवन एवं पूजा से होगी। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कलश एवं शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सामाजिक-सांस्कृतिक झलकियां देखने को मिलेंगी। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुख्य वक्ताओं का उद्बोधन एवं सामाजिक पदाधिकारियों के विचार रखे जाएंगे, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
सम्मेलन के दौरान विशेष कार्यक्रम के रूप में विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। आयोजक समिति ने बताया कि प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर भोजन-प्रसादी की समुचित व्यवस्था रहेगी तथा सहभागियों से समय से पूर्व पहुंचने का अनुरोध किया गया है।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हिंदू सम्मेलन आयोजक समिति, मोहला द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं और सामाजिक एकता का संदेश दें।
0 टिप्पणियाँ