NBPNEWS/ मोहला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत मुंबई कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेसजनों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस पार्टी की संजीवनी बूटी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कहीं कमजोर नहीं है, बल्कि उसे और अधिक मजबूत व सशक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सपरा ने बताया कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के संदेशवाहक बनकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों के अधिकार, जल-जंगल-जमीन एवं वनाधिकार पट्टों के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया है। वनांचल क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूत स्थिति देखकर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत और लोकसभा में राहुल गांधी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए दिया गया ऐतिहासिक जनादेश क्षेत्र की जागरूकता को दर्शाता है।
यहां क्लिक करें 👉 AgriStack पंजीयन जरूरी! 2025 धान खरीदी में रजिस्ट्रेशन स्टेप-बाय-स्टेप || छत्तीसगढ़ || मोहला मानपुर
सपरा ने कहा कि भाजपा सरकार आज केवल अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगी है और आदिवासी व सर्वहारा वर्ग के हितों पर लगातार आघात कर रही है। इसलिए कांग्रेसजनों को भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस के सशक्त और जनहितैषी नेतृत्व का चयन कर संगठन को नई दिशा देना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान संगठन कमजोर नहीं है, परंतु समय-समय पर नई ऊर्जा और कार्रवाइयों की आवश्यकता होती है। अब राजनीति जनहित के मुद्दों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार राहुल गांधी द्वारा उठाए गए जातीय जनगणना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेने को विवश है।
सपरा ने कहा, “भारत का लोकतंत्र आज विश्वसनीयता खोने की कगार पर है। इसे बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। नया नेतृत्व हो या पुराना, यह आप सबके विचारों पर निर्भर करेगा। मैं यहां आप सबकी भावनाएं जानने आया हूं, ताकि हम मिलकर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बना सकें और भाजपा को सबक सिखा सकें।”
जिला अध्यक्ष पद हेतु दावेदारी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद हेतु कई वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने दावेदारी प्रस्तुत की। इनमें वर्तमान कार्यवाहक अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष निर्मल, साधना सिंह एवं लक्ष्मण सिन्हा प्रमुख दावेदार रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति
संगठन सृजन अभियान के इस आयोजन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सह प्रभारी उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस वीरेश ठाकुर, प्रदेश महामंत्री शाहिद भाई, डॉ. आफताब आलम, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी, खुज्जी विधायक भोला राम साहू, पूर्व मंत्री गोवर्धन नेताम, पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम, संजय जैन, राजेंद्र जुरेशिया, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस सईदा खान, ब्लॉक अध्यक्ष लच्छू साबले, अब्दुल खालीक, राजकुमार ध्रुव, मीना मांझी, अवध चुरेंद्र, राजेंद्र चक्रधारी, जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी, उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, अगनू राम कुमेटी, अजय राजपूत, सदानंद शिंदे, जोन अध्यक्ष घसिया राम नाग, बालचंद कोरेटी, मनीराम यादव, कविता राणा, लता साव, ऋषभ ठाकुर, सागर सिन्हा, हरि मिश्रा, पन्ना मेश्राम, विमल साहू सहित जिले भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ