Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस पर निकली भव्य रैली, ‘जय भीम’ के नारों से गूंजा डोंगरगांव

 


बौद्ध समाज ने उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस, बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर को किया नमन; भिक्षुगणों ने दिया भगवान बुद्ध के धम्म पर चलने का संदेश

NBP NEWS | मनमोहन वाल्दे | अं.चौकी | 14 अक्टूबर 2026

धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस के पावन अवसर पर बुधवार, 14 अक्टूबर को डोंगरगांव में बौद्ध समाज ने श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ भव्य रैली निकाली। रैली के दौरान गूंजते ‘जय भीम’ के नारों और नीले ,पंचशील ध्वज में शामिल समाजजनों ने पूरे गांव में समता, बंधुत्व और मानवता का संदेश दिया। इस आयोजन में बच्चों, युवक-युवतियों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।

बौद्ध समाज डोंगरगांव की ओर से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली के दौरान नीले और पंचशील ध्वज लहराये गए, जो बौद्ध धम्म के प्रति आस्था और सामाजिक चेतना के प्रतीक बने। ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करती रैली ने पूरे वातावरण को धम्ममय बना दिया। हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया।

बाबा साहेब को नमन, बौद्ध विहार में हुई पूजा-अर्चना

बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण अर्पित की गई। इसके बाद धम्मगिरि पर्वत स्थित बौद्ध विहार में भगवान गौतम बुद्ध की पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक कार्यक्रम में आमंत्रित भिक्षुगणों ने विधिवत पूजा संपन्न कराई और उपस्थित श्रद्धालुओं को बौद्ध धम्म के सिद्धांतों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में डोंगरगढ़ और राजनांदगांव से भिक्षुगणों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने ग्रामवासियों को धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। साथ ही भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने, सत्य, करुणा, मैत्री, समानता और सदाचार को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। भिक्षुगणों ने बुद्ध के पवित्र धम्म को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार करने का संदेश भी दिया।

रंगीन झालरों से सजा गांव, उत्सव जैसा रहा माहौल

धम्म चक्र प्रवर्तन दिवस को लेकर डोंगरगांव में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के मद्देनजर गांव और कार्यक्रम स्थल को रंगीन झालरों एवं पर्दों से सजाया गया था। रैली, माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के माध्यम से समाजजनों ने बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के विचारों तथा भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम ने सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और बौद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों को मजबूत करने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में पूज्य भिक्षुणी कल्याण बोधी, पूज्य भिक्षु नागरतन, सारिपुत्र, सतिका टेम्भुर्णे, डी.एस. कसारे (परीक्षेत्र अध्यक्ष, डोंगरगांव), राजकुमार वाल्दे (बौद्ध समाज अध्यक्ष, डोंगरगांव), भीमा कराडे, श्यामलाल वाल्दे, धनुष जनबंधु, कुंवर वाल्दे, चन्द्रमणि वाल्दे, नारद टेम्भुर्णे, सत्य कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ