विधायक इंद्र शाह मंडावी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
NBP NEWS | अंबागढ़ चौकी, 10 अक्टूबर 2026।
शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, अंबागढ़ चौकी में 10 अक्टूबर को नवनिर्वाचित छात्रावास पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक इंद्र शाह मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक इंद्र शाह मंडावी ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंद्र शाह मंडावी ने छात्रावास के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष हुमेश कोमरे, उपाध्यक्ष वेंनकुमार, सचिव आकाश कोमरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के बाद विधायक मंडावी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके जीवन के लक्ष्य, भविष्य की योजनाओं और करियर को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने छात्र जीवन को भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास और जिम्मेदारियों के निर्वहन को भी महत्वपूर्ण बताया।
नशे से दूर रहकर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर दें ध्यान
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल मानिकपुर ने की। विशिष्ट अतिथि चंद्रेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशापान से दूर रहने की सख्त हिदायत देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने भविष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
वहीं, संत राम नेताम, चेतन भुआर्य, ईश्वर ध्रुव एवं अरविंद गोटे ने छात्रावास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, सामूहिक जीवन, आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रावास की गरिमा बनाए रखने तथा उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग कर अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
समाज के प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
समारोह में आदिवासी समाज के प्रमुख पवन तुलावी, रमेश कोर्राम एवं भूपेंद्र मंडावी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेंद्र तारम ने किया।
इस अवसर पर परमानंद बोगा, रामजी उसारे, दिनेश गवर्ना, भेष नेताम, विद्याभूषण हुपारे, सोहन पुरामें, टकेश कोठारी, वामन चंद्रवंशी, भागवत धुर्वे, देवेंद्र नेताम, सखन बोगा, वेणु नागवंशी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं छात्रावास के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

0 टिप्पणियाँ