जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा गुरुवार को जिला अस्पताल मोहला में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से आए सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित कर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए एवं निश्चय मित्र को श्रीफल एवं शाल देकर सम्मानित किया गया l
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त सरपंचों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने एवं टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई। सरपंचों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों में टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की पहचान एवं जांच सुनिश्चित करने तथा उपचाराधीन मरीजों को उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
वर्ष 2025 में जिले की 181 ग्राम पंचायत में से 104 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। टीबी उन्मूलन अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में क्लास-वन अधिकारियों की टीम गठित कर ग्राम पंचायतों की प्रगति की निगरानी एवं आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह सहित, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, मोहला सरपंच गजेंद्र पूरामे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर मिथिलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर डॉ समीर गर्ग एवं डिप्टी कलेक्टर बंजारे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय खोबरागड़े, जिला प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश वर्मा और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश ठाकुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, मितानिनों तथा NCC के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को जनभागीदारी एवं सामुदायिक जागरूकता का व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, स्वास्थ्यकर्मियों, मितानिनों एवं NCC विद्यार्थियों ने जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ