सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ शिविर, अधिकारियों ने सुनी समस्याएं और मौके पर किया निराकरण
NBP NEWS / मनमोहन वाल्दे / अं.चौकी | 05 अक्टूबर 2026
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने की दिशा में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम आमाटोला में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए।
शिविर का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों की मांगों, शिकायतों और समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करना रहा। अलग-अलग विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग की योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दी। इससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को समझने में भी सुविधा मिली।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, समाधान पर रहा जोर
शिविर में पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं। ग्रामीणों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी मांगें और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा विकसित भारत@2047 के विजन की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके।
हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र, आवास की चाबी, पेंशन स्वीकृति आदेश एवं बैंक लिंकेज चेक सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।
वहीं विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब तथा शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति आदेश हितग्राहियों को प्रदान किए गए। योजनाओं का लाभ अपने गांव में ही मिलने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
सियान मितान सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा सियान मितान सप्ताह के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। वरिष्ठ नागरिकों को शाल, श्रीफल एवं छाता प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बुजुर्गों में खुशी और आत्मीयता का भाव नजर आया।
‘नमो सेवा गाथा’ ने गीत-संवाद से बताई योजनाएं
शिविर में ‘नमो सेवा गाथा’ कला जत्था के कलाकारों ने गीत, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। मनोरंजक अंदाज में दी गई जानकारी ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। गीत-संगीत और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य और लाभों को सरल भाषा में समझाया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कलेक्टर तनुजा सलाम, जनपद पंचायत चौकी अध्यक्ष पुनाऊ राम फूलकावरे, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच-सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ