
30 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण, MSME की वित्तीय सहायता, डिजिटल परिवर्तन और बाजार तक पहुंच की दी गई जानकारी
NBP NEWS / डोंगरगढ़ | 15 सितंबर 2026
डोंगरगढ़। साहू समाज भवन, डोंगरगढ़ में 14 अगस्त 2026 को भावसर फाउंडेशन के तत्वावधान में RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के तहत जिला स्तरीय एक दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदनीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़ी संभावनाओं, सरकारी योजनाओं और व्यवसाय विकास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना था।
RAMP योजना भारत सरकार एवं विश्व बैंक की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की उत्पादकता, बाजार तक पहुंच एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना तथा MSME क्षेत्र के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक रविंद्र नाग ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एवं बाजार तक पहुंच सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और उद्यमिता से संबंधित विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत आगामी समय में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों से सहमति भी ली गई।
समापन अवसर पर प्रशिक्षक रविंद्र नाग ने आगामी 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आवश्यक जानकारी प्रतिभागियों के साथ साझा की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हुए एक दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदनीकरण कार्यक्रम का औपचारिक रूप से समापन किया।
0 टिप्पणियाँ