Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ की ‘तन्हाई’ का होगा विमोचन, कवि सम्मेलन समेत होंगे कई कार्यक्रम

NBP NEWS/ मोहला/ प्रवेश कुमार, 19 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के जिला समन्वयक एवं समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत के प्रांतीय उपाध्यक्ष तथा वनांचल साहित्य सृजन समिति मोहला के अध्यक्ष डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ के ग़ज़ल संग्रह ‘तन्हाई’ का विमोचन 20 सितंबर को डोंगरगांव के शिवनाथ साहित्य धारा परिसर में आयोजित 13वें स्थापना वर्ष उत्सव के दौरान किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत सभागार डोंगरगांव में किया जा रहा है। इस दौरान परिचर्चा, साहित्य सम्मान, पुस्तक विमोचन और कवि सम्मेलन सहित विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रम होंगे। परिचर्चा का विषय ‘बेटियों के साथ हिंसात्मक व्यवहार, जिम्मेदार कौन?’ रखा गया है।

तीन सत्रों में होंगे साहित्यिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में परिचर्चा और साहित्य सम्मान का आयोजन होगा। इस सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रभात मिश्र मुख्य अतिथि होंगे, जबकि आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा अध्यक्षता करेंगी। जिला पंचायत के सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

द्वितीय सत्र में साहित्य एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम होगा। इसमें डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू मुख्य अतिथि, जनपद पंचायत डोंगरगांव की अध्यक्ष रंजीता पड़ोटी अध्यक्षता करेंगी। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं समाजसेवी दिनेश गांधी, जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति जागृति चुन्नी यदु और जनपद पंचायत डोंगरगांव के उपाध्यक्ष मनीष साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

तृतीय सत्र में उपस्थित कवियों द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा। इस सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के जिला समन्वयक राजनांदगांव आत्माराम कोसा करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ साहित्यकार पवन जैन ‘प्रेमी’ और नगरपालिका डोंगरगांव की अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी शामिल रहेंगी।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी का संयोजन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जिला समन्वयक डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ द्वारा किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, साहित्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन में क्षेत्र के साहित्यकारों, कवियों और साहित्यप्रेमियों की सहभागिता रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ