
NBP NEWS / मोहला | 11 सितंबर 2026
मोहला। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर तनुजा सलाम की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह की उपस्थिति में एनकॉर्ड समिति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, कानून व्यवस्था, सामाजिक समरसता तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य, समिति सदस्य नेहा पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
अवैध शराब और नशीले पदार्थों पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले में अवैध शराब के विक्रय, भंडारण एवं परिवहन से संबंधित शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, अवैध शराब के कारोबार तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाए।उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मादक पदार्थों की अवैध खेती पर प्रभावी निगरानी रखने और नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया।
स्कूलों में नियमित चलेगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने नशामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए समाज कल्याण विभाग को जागरूकता कार्यक्रमों का मासिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में नियमित रूप से नशामुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।उन्होंने पुलिस, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग को कोटपा एक्ट के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों एवं उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण
बैठक में मेडिकल स्टोरों में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले के सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं के अवैध उपयोग और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
ब्लाइंड स्पॉट चिन्हांकित कर लगाए जाएंगे रिफ्लेक्टर
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों एवं ब्लाइंड स्पॉट की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।उन्होंने आवश्यकता के अनुसार ब्लाइंड स्पॉट पर रिफ्लेक्टर लगाने के साथ ही अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
नशे में वाहन चलाने वालों और नाबालिग चालकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा नशे एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन का सहयोग भी आवश्यक है।एसएसपी ने सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों तथा नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोपहिया वाहन विक्रेताओं को प्रत्येक वाहन की बिक्री के साथ हेलमेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी के निर्देश
कानून व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।उन्होंने सामाजिक बहिष्कार, सामुदायिक विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में गंभीरता और समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
0 टिप्पणियाँ