NBP NEWS / अंबागढ़ चौकी | 13 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी भाजपा पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।
भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल शुरू किए 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस अवसर को जनसेवा और समर्पण के 25 वर्षों के रूप में मनाया जाएगा। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता रहेगी। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत परिवारों और लाभार्थियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, चित्रकारी, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
युवा मोर्चा निकालेगा सेवा यात्रा
भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से विभिन्न दलों में ‘सेवा यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से कर्मभूमि बनारस तथा बनारस से वडनगर तक जाएगी। यात्रा के दौरान गांवों में चौपाल, आंगनबाड़ी केंद्रों, किसानों और युवाओं से संवाद किया जाएगा। लगभग 20 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी।इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। 7 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर करीब 1,000 स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लेने की योजना बनाई गई है।
महिलाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर जोर
अभियान में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।‘सुशासन संवाद’ के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और इनोवेटर्स को अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान की अपील
अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। अभियान में करीब 25 अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मानव समूह रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के संदेश को आमजन तक पहुंचाना है। साथ ही ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विक्रांत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, अरुण यादव, अवधेश त्रिपाठी, उमाकांत (राजू) टांडिया, राजेश जैन गुजराती, अम्बर जोशी, अविनाश त्रिपाठी, किशोर अटभैया और देवनारायण कुंभकार सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ