मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने अवैध जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। कोरची तहसील के बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र की सीमा अंतर्गत अंतरराज्यीय सीमा से लगे गहनेगट्टा के जंगल में चल रहे कथित जुए के अड्डे पर महाराष्ट्र पुलिस की एंटी नक्सल यूनिट सी-60 ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 31 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि मौके से फरार हुए छह लोगों समेत कुल 37 आरोपियों के खिलाफ कोरची थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से 1 करोड़ 34 लाख 14 हजार 10 रुपये लगत सहित 22 चारपहिया वाहन, छह दोपहिया वाहन, 26 मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।
गोपनीय सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बीती रात सूचना मिली थी कि बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत गहनेगट्टा वन क्षेत्र में कुछ लोग कथित तौर पर ताश के पत्तों पर बड़ी रकम का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस सहायता केंद्र के पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश खोटेले के नेतृत्व में पुलिस टीम और एंटी नक्सल यूनिट सी-60 के जवानों ने जंगल में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, मौके पर बड़ी संख्या में लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए।
मोहला-मानपुर समेत कई जिलों के लोग शामिल
पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, छुरिया, राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई और चिचोला क्षेत्र के लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में शैलेंद्र कुमार साहू (26), निवासी बेलरगोंदी, छुरिया, जिला राजनांदगांव और मोहम्मद बसीर (48), निवासी वार्ड क्रमांक 12, राजनांदगांव समेत अन्य लोग शामिल हैं।
छह लोग मौके से फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके से भागे छह लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों में सोनू कांबले निवासी दुर्ग, इमरान शेख निवासी डोंगरगांव, बबलू खटीक निवासी भिलाई, रोहित साहू निवासी राजनांदगांव, बसंत सोनी निवासी दुर्ग और अबुल वर्मा निवासी राजनांदगांव के नाम सामने आए हैं।
इसके अलावा जांच में अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
1.34 करोड़ रुपये मूल्य सहित नकदी समेत भारी मात्रा में सामान जब्त
22 चारपहिया वाहन,6 दोपहिया वाहन,26 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते एवं जुए से संबंधित अन्य सामग्री
जब्त की गई है।
मामले में महाराष्ट्र के कोरची पुलिस थाने में केस नंबर 0133/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(A) के तहत दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ