Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, 1.10 लाख बच्चों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा

NBP NEWS/ मोहला, 11 अगस्त 2026
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया गया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मोहला में आयोजित कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत मिथलेश डोंडे ने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभाव, संक्रमण से बचाव के उपाय और नियमित रूप से कृमिनाशक दवा के सेवन के महत्व की जानकारी दी गई।

जिले में 1 लाख 10 हजार बच्चों को दवा देने का लक्ष्य

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत 10 अगस्त 2026 को शुभारंभ दिवस के रूप में जिलेभर में लक्षित बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है। जिले में लगभग 1 लाख 10 हजार लक्षित बच्चों को दवा का सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा का सेवन करने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लक्षित बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।
कृमि संक्रमण से स्वास्थ्य और विकास पर पड़ सकता है असर

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि कृमि संक्रमण उनके स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को प्रभावित कर सकता है। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा का सेवन करने के साथ स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर कृमि संक्रमण से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है।

बच्चों को भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को हाथ धोने की सही विधि की जानकारी एवं प्रदर्शन भी किया गया।

स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास पर जोर

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का उद्देश्य जिले के लक्षित बच्चों में कृमि संक्रमण की रोकथाम कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना तथा उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करना है।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर दुकालूराम ध्रुव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विजय खोबरागड़े, जिला शिक्षा अधिकारी योग दास साहू, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ