Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

पानाबरस देव स्थल पर हर्षोल्लास से मनाया गया 'राज रवल' पर्व, 300 पौधों का रोपण, 700 पौधों का वितरण



NBP NEWS/ मोहला, 29 जुलाई 2026
प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और वन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पानाबरस देव स्थल पर पारंपरिक 'राज रवल' पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में 14 गढ़ 360 परगना के सियान, गायता मांझी, बैगा एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। सभी ने प्रकृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए वनों के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

पर्व के दौरान देव स्थल परिसर में 300 पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। वहीं, ग्रामीणों और जनसमुदाय के बीच 700 पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया गया, ताकि लोग अपने घरों, खेतों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पेड़ लगाना जितना आवश्यक है, उससे अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण करना है। इसी उद्देश्य से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। साथ ही, सभी ग्रामीणों से अपील की गई कि वे पौधों की निगरानी करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रकृति के प्रति समाज की जिम्मेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के सामूहिक प्रयास क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ