Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मुख्यमंत्री आज सोमवार को पहुंचेंगे मोहला-मानपुर, जिले की व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा

NBP NEWS/ मोहला,08 जून 2026
प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री का सोमवार 8 जून को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला मुख्यालय मोहला स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। परिसर में पंडाल निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। रविवार को कलेक्टर सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन तैयारियों का जायजा लेते रहे और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कलेक्ट्रेट परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में डॉग स्क्वाड एवं बम निरोधक दस्ते द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से पूरे परिसर की जांच कर सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मोहला में निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय भवन का भी निरीक्षण कर सकते हैं। इसे देखते हुए निर्माण स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सड़क मार्गों की मार्किंग एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय भवन के कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

जानकारी यह भी मिल रही है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मोहला स्थित पुलिस रक्षित केंद्र में उतरेगा। वहां से वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें बालोद जिले के भी अधिकारी शामिल होंगे तथा निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय भवन का निरीक्षण कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में है और जिलेभर में तैयारियों का दौर जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ