NBP NEWS/ मोहला, 14 मई 2026। जिले के जक्के से घोड़ागांव मार्ग स्थित नाला पर वर्षों से जर्जर एवं क्षतिग्रस्त पुलिया की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने वाली है। उक्त स्थल पर जल्द ही नया उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण उपसंभाग राजनांदगांव ने इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पुल निर्माण के लिए शासन स्तर से आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियां प्राप्त हो चुकी हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह पुलिया लगभग दस वर्ष पूर्व वन विभाग द्वारा निर्मित कराई गई थी, लेकिन समय के साथ इसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी। पुलिया की जर्जर हालत के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में यहां दुर्घटना होने और मामले के समाचारों में आने के बाद विभाग ने स्पष्ट किया कि नए पुल निर्माण का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका था।
गौरतलब है कि इस गंभीर समस्या को NBPNEWS ने पूर्व में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशन के बाद मामले ने प्रशासनिक स्तर पर तेजी पकड़ी और विभागीय अमला सक्रिय हुआ। क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार पुल निर्माण की मांग भी उठाई जा रही थी।
लोक निर्माण विभाग ने बताया कि वर्ष 2024-25 के बजट में इस पुल निर्माण कार्य को शामिल किया गया है। शासन द्वारा 29 सितंबर 2025 को 269.94 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई थी। इसके बाद मुख्य अभियंता कार्यालय से लगभग 269 लाख रुपए की तकनीकी स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।
विभाग के अनुसार वर्तमान में निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया प्रचलन में है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित स्थल पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ