चिल्हाटी थाना क्षेत्र के ग्राम हज्जूटोला में पिछले दो वर्षों से लगातार हो रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अब ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। गांव में बिगड़ते माहौल, बढ़ती अशांति और युवाओं पर पड़ रहे गलत प्रभाव को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब बेचने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हज्जूटोला में खुलेआम अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिसके कारण आसपास के गांवों से भी लोग यहां शराब लेने पहुंच रहे हैं। इससे गांव का सामाजिक वातावरण लगातार खराब होता जा रहा है। आए दिन गाली-गलौच, लड़ाई-झगड़े और घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं, जिससे गांव में अशांति का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि छोटे-छोटे बच्चे भी इस माहौल को देखकर गलत दिशा में प्रभावित हो रहे हैं। गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में स्थिति और भयावह हो सकती है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपूरे ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया। बीते गुरुवार को हज्जूटोला में आयोजित ग्राम बैठक में सर्वसम्मति से गांव में शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। जिसमें शराब बेचने वालों ने बैठक में अपनी सहमति दिए है साथ ही तय किया गया कि गांव में शराब बेचते पाए जाने वाले व्यक्ति पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, वहीं शराब बिक्री में सहयोग करने या ऐसे लोगों से संपर्क रखने वालों पर 15 हजार रुपये का दंड निर्धारित किया गया है। साथ गवाह को 10 हजार इनाम के तौर पर दिया जाएगा।
ग्रामीणों और महिलाओं ने जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपूरे के नेतृत्व में आज चिल्हाटी थाना पहुंचकर अवैध शराब बिक्री बंद के बाद पुनः शराब बेचने वालों पर कठोर कार्यवाही करने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। आवेदन में गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
एक अन्य आवेदन में ग्रामीणों ने नीलकंठ रामटेके, माधो गजभिए और सुनील गजभिए सहित कुछ लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि सामाजिक बंधुओं के साथ दुर्व्यवहार , गाली गलौच करते हैं। इससे गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और आम ग्रामीण परेशान हैं। उक्त व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग रखी है।
ग्रामीण चतुर सिंह गजभिए ने बताया कि थाना प्रभारी संजय मरावी की पैरवी पर गांव में मीटिंग रखा गया था जिसके तहत शराब बंदी पर कठोर निर्णय लिया था और इसकी सूचना थाना में दी गई है।
चिल्हाटी थाना प्रभारी संजय मरावी ने बताया कि पूर्व में 20 अप्रैल को हज्जूटोला निवासी लोकेश कुमार के खिलाफ कार्यवाही कर धारा 34- 2 के तहत जेल भेजा गया था। हाइकोर्ट से जमानत लेकर पुनः गांव में दारू बेचा जा रहा है। जिसकी सूचना पर ग्रामीणों को मीटिंग रख कर पूर्णतः शराब बंदी का प्रस्ताव करने को मेरे द्वारा कहा गया था। जिसपर ग्रामीणों ने सात मई को बैठक कर दारू बेचने पर प्रतिबंध लगाया और अर्थदंड भी जिसकी सूचना देने आज थाना पहुंचे थे।
0 टिप्पणियाँ