पांचवीं अनुसूची जिला मोहला-मानपुर अं चौकी में लाल श्याम शाह महाराज के जन्मभूमि व आदिम संस्कृति केंद्र पानाबरस में आदिम आस्था स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनजातीय संस्कृति सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित विशेष महासभा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में गुरुवार को शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन पानाबरस राज समिति एवं राजपरिवार के तत्वावधान में किया गया, जिसमें आदिवासी समाज, राजपरिवार तथा सर्व समाज के लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा के पानाबरस पहुंचने पर पारंपरिक वाद्य यंत्र मांदर की थाप और आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान 360 परगना 14 गढ़ अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी समाज के पारंपरिक आंगा देवों का आगमन भी हुआ था। मंडा देवों जिसमें रायताल देव ग्राम कोण्डे, सरदार देव ग्राम ख़ुर्से, तुजपाल देव, मोरकाल देव ग्राम निडेलि, जोड़याल देव ग्राम सहपाल, डोकरा देव ग्राम तोलूम, मुंडा देव ग्राम औंधी, बूढ़ा देव औंधी 40 गांव, मोंगराज ग्राम जामडी, चिखला माता ग्राम पानाबरस और राज माता देवी ग्राम पानाबरस, मौजूद थे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने पानाबरस राजपरिवार के सदस्य लाल लक्ष्मणेंद्र शाह के नेतृत्व व माडिया दल के साथ में सभी देवी-देवताओं के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। विजय शर्मा ने देवताओं के सामने शीश नवाया और गायता, मांझी, ठाकुर , सिरहा से मुलाकात भी की उनकी समस्या पर समाधान का आश्वासन दिया।
तत्पश्चात शर्मा जी ने आदिम संस्कृति से जुड़े राज परिवार, गायता, पटेल, कडरी और सर्व समाज के पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक की जिसमें उन्होंने बताया कि लाल लक्ष्मेंद्र शाह एक बार अपनी टीम के साथ पुरखा देवी देवताओं की जगह को संरक्षित करने की बात रखी थी जिसके बाद एक कार्ययोजना तैयार कर चार सदस्य टीम बनाया गया। लाल लक्ष्मेद्र शाह, दिलीप वर्मा, मदन साहू और रमेश हिड़ामे शामिल थे । अब तक पूरे 197 गांव के आदिम संस्कृति स्थल का चिन्हांकन कर उसकी पटवारी आर आई के साथ नाप जोप कर तहसील दार के माध्यम से कलेक्टर तक रिपोर्ट जा चुकी है दावा आपत्ति व पूरी प्रक्रिया के बाद लाल स्याही से जगह चिन्हांकित हो जाएगी और हमेशा के लिए जगह सुरक्षित होगी।
इसके बाद आयोजित महासभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आदिम आस्था स्थलों और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था इस प्रदेश की अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
सभा के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित आदिवासी समाजजनों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने शासन की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और आदिवासी समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना उस समय रही जब पानाबरस राजपरिवार के प्रमुख सदस्य लाल लक्ष्मणेंद्र शाह ने लगभग 200 क्षेत्रवासियों के साथ विधिवत भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रवेश कार्यक्रम को क्षेत्र की राजनीति में अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि ग्राम पानाबरस न केवल राजपरिवार का पैतृक गांव है, बल्कि यह क्षेत्र के कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी का भी पैतृक गांव माना जाता है। ऐसे में राजपरिवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का भाजपा में शामिल होना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में लंबे समय से चुनावी संघर्ष झेल रही भाजपा को इससे नई मजबूती मिल सकती है।
इससे पूर्व डिप्टी सीएम विजय शर्मा अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम भनसुला में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में भी शामिल हुए। वहां उन्होंने आम जनता को शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। पानाबरस कार्यक्रम के बाद वे मानपुर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में भी भाग लिया। इसके पश्चात वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
0 टिप्पणियाँ