मोहला विकासखंड के ग्राम पंचायत पेदाकोड़ों के आश्रित ग्राम हिददड़ में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय रामायण मानस सम्मेलन भक्ति, संस्कृति और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम बनकर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में राम नाम की मधुर ध्वनि गूंजती रही।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य महेश कुंजाम उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सरपंच मनीष मुलेटी ग्राम पंचायत पेदाकोड़ों शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन आर.आर. भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष सालिक राम यादव, सचिव ग्राम पटेल गोयल तारम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के प्रथम दिवस में क्षेत्र की विभिन्न मंडलियों—कुल्हारदो, अरजकुंड, कौड़ीकसा, नादिया डोंगरगांव, मुरेटीटोला एवं देवरसुर—ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से मंच को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। रामचरितमानस के पाठ और भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
द्वितीय दिवस में रातापायली, कन्नेवाडा एवं रेलवे कॉलोनी बालोद की मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति दी। अंतिम प्रस्तुति के साथ ही कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह में पुनः सरपंच मनीष मुलेटी सहित समिति के सभी सदस्य और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में ग्राम के प्रमुख सियानों—धनेश सोरी, भगत सोरी, झाडूराम मुलेटी, रामनाथ कुंजाम, दुलार सिंह यादव, देवनाथ कोर्राम, कलीराम मुलेटी, निर्मल हिड़मे, मनीराम यादव, सरोज बोगा, लक्ष्मण उइके, सीता यादव, कामता प्रसाद, रामकुमार कोड़ापे, सोनसाय मंडावी, चैन सिंह मंडावी एवं उमराव यादव—का विशेष योगदान रहा।
मंच का संचालन एवं उद्घोषणा सुजानिक निर्मलकर द्वारा प्रभावशाली ढंग से की गई।
विशेष आकर्षण के रूप में हनुमान जयंती के अवसर पर 251 दीपकों का भव्य दीप प्रज्वलन किया गया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित हो उठा। दो दिनों तक निरंतर भंडारे का आयोजन किया गया तथा प्रतिदिन शाम को महाआरती सम्पन्न हुई।
सम्मेलन में भाग लेने वाली सभी मंडलियों को सम्मान स्वरूप श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं फुलझड़ी पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ