Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रायगढ़: लैलूंगा में RAMP योजना के तहत 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल समापन


NBP NEWS/ रायगढ़, 20 मार्च 2026
रायगढ़ जिले के लैलूंगा में RAMP योजना (Raising & Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत आयोजित 12 दिवसीय जिला स्तरीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 19 फरवरी 2026 से 6 मार्च 2026 तक भावसर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त प्रयासों के तहत संचालित RAMP योजना का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की उत्पादकता में वृद्धि करना, उन्हें बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराना तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक कृष्णा कुशवाहा ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इनमें RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, MSME के लिए उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास कार्यक्रम एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी शामिल रही। साथ ही लघु वनोपज के प्रसंस्करण, संरक्षण एवं उससे जुड़े व्यवसायिक अवसरों पर भी विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और पूरे प्रशिक्षण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं को समझते हुए स्वरोजगार के प्रति जागरूकता हासिल की।
प्रशिक्षण के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं मार्केट लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक कृष्णा कुशवाहा ने सभी सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए।

अंत में कृष्णा कुशवाहा ने प्रतिभागियों को भविष्य में अपने-अपने व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ