Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

लाल श्यामशाह अंग्रेजी माध्यम स्कूल का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

NBP NEWS/ मोहला,13 फरवरी 2026। 
लाल श्यामशाह अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। गोंड समाज ब्लॉक मोहला द्वारा संचालित इस विद्यालय में नर्सरी से लेकर मिडिल शाला (आठवीं कक्षा) तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं लाल श्यामशाह जी के तैलचित्र पर मुख्य अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, पारंपरिक नृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर पूरे समय तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंजता रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लाल लक्ष्यमेंद्र शाह (जमींदार, पानाबरस) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल संचालन समिति के अध्यक्ष संजीत ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला आदिवासी समाज के संरक्षक मुकुंदी राम नायक, उपाध्यक्ष पंचम परतेती, जिला पंचायत सदस्य लखन कलामें, जनपद सदस्य महेश कुंजाम, ब्लॉक उपाध्यक्ष डूमेश्वर प्रसाद तारम सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरपंच मोहला गजेंद्र पुरामे, सरपंच धोबेदंड चैतराम जुरेशिया, सरपंच कुंजामटोला सुनीता जुरेशिया, सरपंच पेंदाकोडो़ मनीष मुलेटी, सरपंच कुल्हारदोह गंगाराम कोवाची सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण, पालकगण एवं क्षेत्रीय समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन भेषकुमार नेताम द्वारा किया गया, जबकि अंत में रमेश हिड़ामे ने आभार प्रदर्शन कर सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
वार्षिक उत्सव ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक विकास में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ