NBP NEWS/अंबागढ़ चौकी,13 फरवरी 2026। वनांचल जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ग्राम नेतामटोला में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करों पर बड़ी कार्यवाही करते हुए सागौन लकड़ी का जखीरा जब्त किया है। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर वन अमले की टीम ने अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत अरजकुंड पंचायत के नेतामटोला में जंगल से सटे एक खेत में छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि सागौन के 25 नग लठ्ठों को चीरान के उद्देश्य से पैरा से ढंककर रखा गया था। पूछताछ में सामने आया कि जिस जमीन पर लकड़ी रखी गई थी, वह सांभा सिंह की है। सांभा सिंह ने बताया कि लकड़ियां लोकेश कुमार की हैं, जिसने अपने खेत से सागौन के पेड़ों को बिना अनुमति काटकर वहां रखा था। बताया जा रहा है कि लोकेश कुमार, क्षेत्र के चर्चित लकड़ी तस्कर पंचू राम (निवासी नेतामटोला) के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार कर रहा था।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी पंचू राम वन विभाग की गिरफ्त में आ चुका है। उसके घर से सागौन लकड़ी बरामद की गई थी। इस बार की कार्रवाई में खेत के अलावा पंचू राम के घर से भी एक ट्रैक्टर अवैध सागौन लकड़ी जब्त किया गया है। साथ ही लकड़ी फाड़ने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं।
वन मंडल अनुविभागीय दंडाधिकारी मोहला मनेंद्र कुमार सिदार ने उक्तशय की पुष्टि कर बताया कि वन विभाग और पानाबरस परियोजना के द्वारा संयुक्त कार्यवाही की गई थी जिसमें राजस्व भूमि से तीन पेड़ सागौन के कटे मिले जो कि 1.814 घन मीटर सागौन मिला। खेत सांभा सिंग की है और लकड़ी लोकेश की थी जबकि पंचु राम लकड़ी काटने और चीरने का काम कर रहा था। चार माह पूर्व में भी पंचू के ऊपर कार्यवाही हुई थी, पूर्व प्रकरण को देखते हुए इस बार अलग से और प्रकरण दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार पंचू राम ईंट भट्ठे का कार्य भी करता है। ऐसे में प्रशासन अब भट्ठे में उपयोग होने वाली लकड़ी की भी जांच करने की तैयारी में है, ताकि अवैध कटाई और उपयोग की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया जा सके।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही अवैध कटाई पर लगाम कसने के लिए विभाग की यह सख्त कार्यवाही अहम मानी जा रही है। ऐसे में ये भी देखना होगा कि जिले में ऐसे और कितने तस्कर सक्रिय हैं क्या प्रसाशन उन तक पहुंच पाएगी या फिर बड़े बड़े लकड़ी तस्कर बच निकलेंगे?
0 टिप्पणियाँ