Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मेडिकल स्टोरों पर सख्ती, अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

NBP NEWS/मोहला, 13 फरवरी 2026। जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह की उपस्थिति में कानून व्यवस्था एवं एनकॉर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम एवं मिथलेश डोंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एसडीएम की अगुवाई में मेडिकल स्टोरों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण कर दोषी मेडिकल स्टोरों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर प्रजापति ने नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर बल देते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंचों और सचिवों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाने तथा शैक्षणिक परिसरों एवं आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में स्कूलों और छात्रावासों में आकस्मिक निरीक्षण करने, मिलावटी शराब के विरुद्ध अभियान तेज करने तथा महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रहे अवैध शराब विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित समीक्षा कर उनकी कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। सामाजिक विवादों का समय रहते निराकरण करने, मेलों एवं सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा किसी भी सभा या रैली के आयोजन से पूर्व अनुमति अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि में शांति और अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून व्यवस्था, सामाजिक समरसता और नशा मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ