जिला पुलिस मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन शुक्रवार, 07 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजे थाना मोहला के पीछे स्थित स्टेडियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से चयनित महिला एवं पुरुष टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता के तहत 02 फरवरी से 04 फरवरी 2026 तक जिले के 10 थाना एवं 01 पुलिस चौकी स्तर पर चयन मैच आयोजित किए गए थे, जिनमें कुल 154 टीमों ने सहभागिता की। चयन प्रक्रिया के बाद प्रत्येक थाना व चौकी से 03 महिला एवं 03 पुरुष टीमों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 59 चयनित टीमों ने दिनांक 05 फरवरी 2026 से मोहला में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 05 फरवरी को किया गया था।
मुख्य अतिथि ने किया फाइनल मैच का शुभारंभ
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, भाजपा अध्यक्ष रमेश हिड़ामे, महामंत्री अनिल गुप्ता, DFO दिनेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से बैज एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा सिक्का उछालकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया गया।
खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का संदेश
मुख्य अतिथि अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं पूरे जोश के साथ लक्ष्य को ध्यान में रखकर खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास को भी मजबूत करते हैं।
अंतिम दिन महिला एवं पुरुष वर्ग में 02-02 सेमीफाइनल एवं 01-01 फाइनल मुकाबले सहित कुल 06 रोमांचक मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी, शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया—
प्रथम पुरस्कार: ₹21,000 नगद
द्वितीय पुरस्कार: ₹15,000 नगद
तृतीय पुरस्कार: ₹11,000 नगद
चतुर्थ पुरस्कार: ₹5,100 नगद
🏆 फाइनल परिणाम
महिला वर्ग
प्रथम – ग्राम हथरा (थाना खड़गांव)
द्वितीय – ग्राम मरकेली (थाना मानपुर)
तृतीय – ग्राम केसरी टोला (थाना अंबागढ़ चौकी)
चतुर्थ – बसेली (थाना मदनवाड़ा)
पुरुष वर्ग
प्रथम – जिला कबड्डी संघ, मोहला
द्वितीय – सी.जी. योद्धा मरारटोला (थाना चिल्हाटी)
तृतीय – ग्राम हथरा (थाना खड़गांव)
चतुर्थ – ग्राम संबलपुर (थाना खड़गांव)
कार्यक्रम का समापन सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक किया गया।
0 टिप्पणियाँ