Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को दिए पारदर्शी जनगणना के निर्देश हुआ दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

NBP NEWS/मोहला, 25 फरवरी 2026।
आगामी जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रथम चरण अंतर्गत द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टोरेट के वीसी कक्ष, मोहला में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में कलेक्टर तुलिका प्रजापति की उपस्थिति में जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, हाउस लिस्टिंग, हाउसिंग सर्वे, मैपिंग तथा डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इसके माध्यम से शासन को सटीक एवं अद्यतन आंकड़े प्राप्त होते हैं, जिनके आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डेटा संग्रहण, गोपनीयता बनाए रखने तथा समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए।
प्रशिक्षण सत्र में राज्य स्तरीय ट्रेनर एवं सहायक निदेशक कविन्द्र कुमार रंगारी ने जनगणना 2027 की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला में जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा।

प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी, जिसके अंतर्गत प्रत्येक भवन एवं परिवार की मूलभूत जानकारी एकत्र की जाएगी। द्वितीय चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी संकलित की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूर्णत: डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। मोबाइल एप के जरिए आंकड़ों का संकलन किया जाएगा, जो देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज एवं त्रुटिरहित बनेगी। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल एप के उपयोग, डेटा एंट्री की प्रक्रिया, लेआउट मैप तैयार करने की पद्धति तथा सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों ने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही एवं अद्यतन जानकारी संकलित करना अत्यंत आवश्यक है। सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों को जनगणना की उपयोगिता से अवगत कराते हुए उनसे सहयोग प्राप्त करना भी जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकलित की जाने वाली सभी जानकारियां पूर्णत: गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के निर्माण एवं नीति निर्धारण में किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, श्री विशाल दीक्षित, रंजन कुमार मेहर सहित जनगणना से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ