दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ घर-पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘सर्विस ऑन व्हील्स–दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ’ का सोमवार को शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर, मोहला से जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह एवं कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने सेवा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की सेवाएँ उनके निवास के निकट उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रथम चरण में ग्राम पंचायत मानपुर, औंधी एवं सरखेड़ा में क्लस्टर स्तरीय शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने सेवाओं का लाभ लिया।
सेवा रथ के माध्यम से घर-पहुंच सुविधा मिलने से उन दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को विशेष राहत मिली, जिनके लिए शारीरिक असमर्थता अथवा अन्य कारणों से दूरस्थ कार्यालयों तक पहुँचना कठिन था। लाभार्थियों ने बताया कि अब विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।
प्रथम चरण के शिविरों में 10 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त हुए। 14 हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा 14 की आधार सीडिंग की गई। इसके अलावा वयो वंदन योजना के अंतर्गत 4 वृद्धजनों का पंजीयन, श्रम विभाग द्वारा 8 श्रम पंजीयन तथा दिव्यांगजनों के कौशल प्रशिक्षण हेतु 4 आवेदन प्राप्त हुए।
जिला प्रशासन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड मानपुर में 9 से 14 फरवरी, मोहला में 16 से 21 फरवरी तथा अंबागढ़ चौकी में 23 से 28 फरवरी 2026 तक क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। आगामी चरणों में अभियान का विस्तार अन्य ग्राम पंचायतों में भी किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ