Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

ई-संजीवनी से वनांचल तक पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सा, कलेक्टर की मौजूदगी में हुआ लाइव डेमोंस्ट्रेशन

NBP NEWS/ मोहला, 9 फरवरी 2026।
जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से वीडियो कॉल पर मरीजों के उपचार का लाइव डेमोंस्ट्रेशन कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
लाइव डेमोंस्ट्रेशन के दौरान यह प्रदर्शित किया गया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से किस प्रकार ग्रामीण मरीजों और शहरी विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच की दूरी समाप्त हो रही है। इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर से ऑनलाइन जुड़ी एक बुजुर्ग महिला मरीज से कलेक्टर प्रजापति ने संवेदनशीलता के साथ सीधी बातचीत की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।
लाइव सत्र के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सक ने मरीज की समस्याएं सुनीं तथा ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन प्रिस्क्रिप्शन जारी किया। संपूर्ण डिजिटल उपचार प्रक्रिया कलेक्टर एवं मौके पर उपस्थित अधिकारियों के समक्ष पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई, जिससे ई-संजीवनी सेवा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा जा सका।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम भी उपस्थित रहे। उन्होंने ई-संजीवनी के माध्यम से प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि ई-संजीवनी सेवा के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा सुलभ हो सकेगी। इससे ग्रामीण नागरिकों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है तथा विशेष रूप से बुजुर्ग एवं असहाय मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक या झोलाछाप चिकित्सकों के बजाय अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकर ई-संजीवनी जैसी शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य लें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ