Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में वैचारिक संगोष्ठी, विमोचन, सम्मान एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन सम्पन्न



NBP NEWS/मोहला,20 जनवरी 2026

वनांचल साहित्य सृजन समिति, मोहला के तत्वावधान में समिति के सातवें स्थापनोत्सव के अवसर पर दिनांक 18 जनवरी 2026 को वैचारिक संगोष्ठी, स्मारिका विमोचन, सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में “स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानी” विषय पर वैचारिक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी का आधार वक्तव्य समिति के सचिव जितेंद्र पटेल ने प्रस्तुत किया। आमंत्रित वक्ताओं में साकेत साहित्य परिषद सुरगी के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ‘अंकुर’ एवं मधुर साहित्य परिषद डौंडी लोहारा के अध्यक्ष डॉ. अशोक आकाश ने विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देकर उपस्थित जनसमुदाय को ऐतिहासिक तथ्यों से अवगत कराया।
इस अवसर पर समिति एवं विभिन्न साहित्यकारों द्वारा रचित रचनाओं के साझा संकलन स्मारिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लक्ष्मेंद्र शाह, नारायण लाल खंडेलवाल, संजय जैन, रामस्वरूप खंडेलवाल, सरपंच गजेंद्र पुरामें, दिलीप सीगने सहित अनेक वरिष्ठ साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में साहित्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में प्रसिद्ध साहित्यकार, निबंधकार, अनुवादक एवं समीक्षक कुबेर सिंह साहू को स्व. लाल श्याम शाह स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। वहीं डॉ. इकबाल खान ‘तन्हा’ को वनांचल साहित्य सेवा सम्मान से नवाजा गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए भीम देव वर्मा (केशव बस चालक) को वनांचल पर्यावरण दूत सम्मान दिया गया। शिक्षा के क्षेत्र में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त व्याख्याता संजय देवांगन को उत्कृष्ट वनांचल शिक्षक सम्मान, कु. संजना यादव को उत्कृष्ट वनांचल शैक्षिक प्रतिभा सम्मान, तथा कु. स्नेहा नेताम को उत्कृष्ट वनांचल क्रीड़ा प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। नारी सशक्तिकरण के लिए मां संतोषी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “मां की रोटी” को ज्योतिबा फुले वनांचल नारी सम्मान प्रदान किया गया।

साहित्योत्सव के दौरान राजभाषा आयोग छत्तीसगढ़ एवं अंचल के विभिन्न साहित्यकारों द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रदर्शनी के प्रभारी डॉ. अमित कुमार गुप्ता रहे, जिसका साहित्य प्रेमियों ने भरपूर लाभ उठाया।
समापन सत्र में आयोजित सबरस काव्य पाठ में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कवि सम्मेलन का आनंद लेते हुए साहित्यकारों को शुभकामनाएं दीं और समाज के उत्थान में साहित्य की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने वनांचल साहित्य सृजन समिति, मोहला को साहित्य भवन की सौगात भी दी। उनके जन्मदिवस के अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा ‘अकाट्य’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवानंद कौशिक (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत मानपुर) सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन में अंचल एवं राज्य के विभिन्न स्थानों से पधारे कवियों—हबीब खान ‘समर’, सुशील यादव, नुरुस्सबाह खान ‘शबा’, फरीदा अंसारी, नौशाद सिद्दीकी, बेद राम पटेल, श्रवण डहरे, महेंद्र बघेल ‘मधु’, वीरेंद्र तिवारी ‘वीरू’, मनीष साहू ‘मन’ सहित बड़ी संख्या में रचनाकारों ने प्रस्तुति दी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ