कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशन में जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं अनियमित बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अन्य राज्यों से आने वाले धान की खरीदी जिले के उपार्जन केंद्रों में न हो।
इसके लिए खाद्य, राजस्व, कृषि, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमों के साथ उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे जिले में निरंतर निगरानी एवं जांच कार्य कर रहा है।
अवैध धान के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तहसील मानपुर में अजित कुमार अंधारे को ट्रैक्टर में 100 कट्टा धान एवं नारायण प्रसाद तिवारी को 140 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसी तरह तहसील औंधी में रमेश गावडे से 80 कट्टा धान तथा तहसील मोहला के ग्राम भावसा निवासी संदीप कुमार से 100 कट्टा धान वाहन सहित जप्त किया गया।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले में कुल 49 प्रकरणों में 3,197 क्विंटल अवैध धान एवं 17 वाहनों की जप्ती की जा चुकी है। जप्त किए गए धान और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 99 लाख 10 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं अनियमित खरीदी-बिक्री पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में राजस्व, खाद्य, पुलिस एवं मंडी विभाग संयुक्त रूप से निगरानी और कार्रवाई कर रहे हैं।
जिला खाद्य अधिकारी दिलीप कुमार एवं सहायक खाद्य अधिकारी आशीष कुमार रामटेके ने किसानों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत रकबे में वास्तविक रूप से उत्पादित धान ही सेवा सहकारी समितियों के उपार्जन केंद्रों में विक्रय करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यापारी या कोचिया अवैध रूप से धान का परिवहन या बिक्री करते पाए गए, तो उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ