विद्यालय से जुड़ाव और सामाजिक सरोकार की मिसाल बनी निधि नेताम की पहल, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
NBP NEWS / मोहला / 13 नवंबर 2026 /
जन्मदिन को केवल उत्सव और व्यक्तिगत खुशियों तक सीमित न रखते हुए उसे दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर बनाना हो, तो निधि नेताम की पहल प्रेरणादायक उदाहरण है। एकलव्य आवासीय विद्यालय सुरही, नरहरपुर में अध्ययनरत शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोटुलमुंडा की पूर्व छात्रा निधि नेताम ने अपने जन्मदिन पर अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर नन्हे विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों के बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया और उन्हें नेवता भोज भी कराया।
पिता सोनसाय नेताम की पुत्री निधि जब अपने पुराने विद्यालय पहुंचीं, तो बच्चों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से समय बिताया, केक काटा और सभी बच्चों को भोजन कराकर अपने जन्मदिन को यादगार बनाया। इस दौरान बच्चों ने भी तालियों और शुभकामनाओं के साथ निधि का जन्मदिन मनाया।
निधि की इस पहल ने यह संदेश दिया कि विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी अपनी पुरानी पाठशाला, शिक्षकों और वहां पढ़ने वाले बच्चों के प्रति अपनापन बनाए रखना कितना महत्वपूर्ण है। अपनी खुशियों में जरूरतमंद और छोटे बच्चों को सहभागी बनाकर उन्होंने जन्मदिन मनाने का एक सराहनीय तरीका प्रस्तुत किया।
विद्यालय परिवार ने पूर्व छात्रा की इस आत्मीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। शिक्षकों का कहना था कि पूर्व छात्रा द्वारा अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ जन्मदिन मनाना और नेवता भोज कराना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। ऐसे प्रयास बच्चों में आपसी प्रेम, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और विद्यालय के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर प्रधान पाठक दिनेश कुमार सहारे एवं सहायक शिक्षक मक्खन साहू सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने निधि को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 टिप्पणियाँ