Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में धूमधाम से मनाया गया 77वाँ संविधान दिवस, बाबा साहेब  डॉ. भिमराव आंबेडकर को माल्यार्पण कर किया नमन


 संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने का लिया संकल्प

NBP NEWS / मोहला | 26 नवंबर 2026

मोहला। भारतीय संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से गुरुवार, 26 नवंबर को मोहला में 77वाँ संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर तहसील परिसर स्थित भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित नागरिकों ने बाबा साहेब के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इसके पश्चात भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल मंत्र को दोहराते हुए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और जिम्मेदारी पर विचार साझा किए।

इस दौरान वक्ताओं ने संविधान निर्माण में डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने वाला राष्ट्र का आधार स्तंभ है। संविधान ने विविधताओं से भरे भारत को एकता के सूत्र में बांधते हुए प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्रदान किया है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य केवल एक दिन आयोजन करना नहीं, बल्कि संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। सामाजिक भेदभाव, असमानता और कुरीतियों को दूर कर शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना ही बाबा साहेब के विचारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान की प्रासंगिकता और भी महत्वपूर्ण हो गई है। लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता बनाए रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज को शिक्षित बनने, संगठित रहने और अधिकारों के प्रति जागरूक होकर प्रगतिशील समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

इस गरिमामय आयोजन में बौद्ध समाज कल्याण समिति मोहला के अध्यक्ष जयेंद्र मेश्राम सहित वी.आर. मेश्राम, खूबचंद गजभिए, कोमल कुमार मेश्राम, महेंद्र टेम्बूरकर, रवि खोबरागड़े, संजय मेश्राम, प्रवीण गेडाम, छबिलाल माहेश्वरी, वीरेन्द्र ठावरे, यशपाल रामटेके, रमेश सहारे, विक्रांत निकोसे, आयुष खोबरागड़े सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित नागरिकों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा समाज में समानता, सद्भाव और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ