Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मिलर्स की मनमानी पर कलेक्टर का चाबुक! 40 हजार खराब बारदाने लौटाए, अब जिलेभर में छटनी

NBP NEWS / मोहला, 26 नवंबर 
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था, बारदानों की गुणवत्ता और धान की तौल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान माडिंगपिडिंग उपार्जन केंद्र में खराब गुणवत्ता के बारदानों में धान खरीदी किए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित समिति प्रबंधक को तत्काल हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने 24 नवंबर 2026 को गोटाटोला, रेंगाकठेरा, आलकन्हर, माडिंगपिडिंग एवं मोहला स्थित धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में निर्धारित गुणवत्ता और मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

40 हजार खराब बारदाने मिलर्स को वापस

निरीक्षण के दौरान रेंगाकठेरा एवं आलकन्हर धान उपार्जन केंद्रों में दुर्ग के राकेश राइस मिल - मिलर्स से प्राप्त बारदानों की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में बारदाने निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर कलेक्टर के निर्देशानुसार दोनों समितियों से कुल 40 हजार खराब बारदाने संबंधित मिलर्स को वापस कराए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी में केवल अच्छी गुणवत्ता के बारदानों का ही उपयोग किया जाए। खराब बारदानों में धान खरीदी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

साईं राम राइस मिल द्वारा भेजे गए दस बंडल में 176 बारदाने खराब परसाटोला में  निकले और आमाटोला में 20 बंडल में 235 बार दाने खराब निकले। सरखेड़ा में जय बाबा राइस मिल द्वारा भेजे गए बार दाना में 10 बंडल में 240 खराब निकले वही माडिंग पीडिंग उपार्जन केंद्र में प्रत्येक बण्डल में 40 - 40 बारदाने खराब निकल रहे हैं, जबकि एक बंडल में 50 नग की होती है, ऐसे में दस हजार बोरे में 80% खराब होने के अंदेशा लगाया जा रहा है।

वही भूसा वाली बोरियो में फर्जीवाड़ा का खेल जारी है। किलो भाव की बोरिया ऊंचे दर में बिक रही है। हजारों की संख्या में खराब बोरिया धान उपार्जन केंद्रों में भेजा गया है, जिले के एकमात्र भूसा बोरी ठेकेदार ने खराब और गंदा बोरी भेजकर लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं। जहां जिले भर की सहकारी समिति करोड़ो के नुकसान में जा रही है। वहां ठेकेदार मुनाफा कमा रहे हैं। 

कई सालों से चल रही प्रथा पर लगेगा विराम ?
पिछले कई वर्षों से जिले में संचालित धान उपार्जन केंद्र में बार दाना का जो खेल चल रहा था, अब कलेक्टर तनुजा सलाम के हस्तक्षेप से विराम लगने की आशंका है। फटे पुराने बारदाना जिन्हें मिलर द्वारा 25 रूपये के भाव में सहकारी समिति भेजा जाता था। सूत्रों की माने तो पिछले वर्षों में फटे पुराने बारदान को खपाने की होड़ में अधिकारी लगे रहते थे। एक समिति की बारदाना को अन्य समिति में भेजकर ट्रांसफर दिखाया जाता था जिससे फटे पुराने बारदाना खप जाते थे अधिकारियों व मिलराे को मुनाफा और समिति को चुना लगाया जाता था।

कम-ज्यादा वजन मिलने पर समितियों को नोटिस

कलेक्टर ने सभी निरीक्षण किए गए उपार्जन केंद्रों में धान की बोरियों का वजन भी करवाकर जांच की। इस दौरान कुछ बोरियों में निर्धारित मानक से कम और कुछ में अधिक वजन पाया गया। इस पर उन्होंने संबंधित समितियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान की तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की आर्थिक या अन्य असुविधा का सामना न करना पड़े। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

सभी उपार्जन केंद्रों की जांच के निर्देश

कलेक्टर तनुजा सलाम ने खाद्य विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी एवं संबंधित तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण करने तथा बारदानों की गुणवत्ता, तौल व्यवस्था और खरीदी से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को सुचारु, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप धान खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ