NBP NEWS / अंबागढ़ चौकी | 26 नवंबर 2026
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम कोरचाटोला में संविधान दिवस उत्साह, गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों, शाला समिति के सदस्यों, समाज प्रमुखों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एकजुट होकर भारतीय संविधान के महत्व को याद किया तथा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के योगदान को स्मरण करते हुए भारतीय संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात सभी ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संविधान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है। संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून ही नहीं, बल्कि एक मजबूत, समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का आधार भी है।
इस दौरान धरम पाल गजभिये ने संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए समानता और सामाजिक न्याय के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। वहीं देवानंद ने संविधान दिवस मनाने के उद्देश्य और इसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाना है।
इसी क्रम में रंजीत भैंसारे ने संविधान के आदर्शों को अपनाने पर जोर देते हुए समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने, संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने तथा संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर केवलानंद, पुरुषोत्तम, देवानंद, धरम पाल गजभिये एवं रंजीत भैंसारे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, शाला समिति के सदस्य, समाज प्रमुख तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ