कोरबा में 30 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण, MSME के अवसरों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
NBP NEWS / कोरबा | 15 सितंबर 2026
कोरबा। आज दिनांक 07-08-2026 RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के तहत भावसर फाउंडेशन द्वारा मीटिंग भवन, यूरो किड्स विद्यालय के ऊपर, निहारिका, कोरबा में जिला स्तरीय एक दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े अवसरों, वित्तीय सहायता तथा बाजार तक पहुंच की प्रक्रियाओं से अवगत कराना रहा।
RAMP योजना भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका प्रमुख उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार तक पहुंच को बढ़ावा देना तथा MSME क्षेत्र के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक मीतू हेनरी ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही उद्यमिता विकास एवं MSME क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन तथा बाजार तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। प्रशिक्षक मीतू हेनरी ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विषयों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत आगामी समय में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता के लिए प्रतिभागियों से सहमति भी ली गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मीतू हेनरी ने आगामी 12 दिवसीय प्रशिक्षण के संबंध में प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही एक दिवसीय संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक रूप से सफल समापन किया गया।

0 टिप्पणियाँ