Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मानपुर के शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी को मिला मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘शिक्षादूत’ सम्मान

 



नवाचार, वैज्ञानिक प्रयोग और प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी से विद्यार्थियों को मिल रही सफलता

NBP NEWS / मानपुर-मोहला | 15 सितंबर 2026

मानपुर। वनांचल क्षेत्र मानपुर की प्राथमिक शाला हनईकलखुर्द में पदस्थ सहायक शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘शिक्षादूत’ सम्मान से सम्मानित किया गया। शिक्षक द्वारा विद्यालय को आकर्षक बनाने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के प्रयासों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।

11 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मोहला में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में क्षेत्र के विधायक इन्द्रशाह मंडावी के हाथों शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत सदस्य लखन कलामे, गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू ने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रत्येक विकासखंड से तीन उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन कर मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘शिक्षादूत’ सम्मान प्रदान किया जाता है। यह सम्मान शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जाता है।

नवाचार और वैज्ञानिक प्रयोगों से बच्चों में बढ़ा शिक्षा के प्रति उत्साह

शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी प्राथमिक शाला हनईकलखुर्द में लगातार नए-नए नवाचारों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। खेल-खेल में शिक्षा, वैज्ञानिक प्रयोग और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्यालय को आकर्षक एवं सुंदर बनाने के लिए शिक्षक ने अपने निजी खर्च से रंग-रोगन और आकर्षक पेंटिंग भी कराई है। इससे विद्यालय का वातावरण बच्चों के लिए अधिक आनंददायक और प्रेरणादायक बना है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए बनाया 1000 सीड बॉल

शिक्षक के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयास भी उल्लेखनीय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर करीब 1000 सीड बॉल तैयार किए और इन्हें खाली पड़ी जमीनों पर छिड़काव किया। इनमें से अधिकांश सीड बॉल से अब छोटे पौधे विकसित हो चुके हैं। इस पहल के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का व्यावहारिक संदेश भी दिया गया।

निःशुल्क कोचिंग से नवोदय और एकलव्य में 35 बच्चों का चयन

शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अतिरिक्त समय देकर निःशुल्क तैयारी कराई जाती है। गत वर्ष नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए मॉक टेस्ट सीरीज आयोजित की गई थी। इसके अलावा एकलव्य आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रत्येक शनिवार और रविवार को निःशुल्क कक्षाएं संचालित की गईं।

इन प्रयासों का परिणाम भी उत्साहजनक रहा। गत वर्ष 7 विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय तथा 28 विद्यार्थियों का चयन एकलव्य आवासीय विद्यालय के लिए हुआ। वर्तमान वर्ष में भी शिक्षक की टीम द्वारा नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की तैयारी के लिए शनिवार, रविवार एवं अवकाश के दिनों में नियमित रूप से निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

पहले भी मिल चुका है सम्मान

शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें पूर्व में भी सम्मानित किया जा चुका है। गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत मानपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में तत्कालीन कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने उन्हें सम्मानित किया था। वहीं पीएम श्री आत्मानंद स्कूल मानपुर में आयोजित दैनिक भास्कर प्रतिभा सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा भी शिक्षक को सम्मानित किया गया था।

शिक्षक के सम्मानित होने पर शाला परिवार हनईकलखुर्द, ग्रामीणों, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ए.आर. कौर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार मरकाम, विकासखंड स्रोत समन्वयक जाहिदा खान सहित मानपुर विकासखंड के समस्त शिक्षकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ