विकासखंड स्तरीय राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, सम्मान समारोह में बढ़ाया उत्साह
NBP NEWS / अंबागढ़ चौकी | 28 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विकासखंड स्तरीय राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता “मेरे सपनों का भारत” में संकुल भर्रीटोला के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, अंबागढ़ चौकी में किया गया, जिसमें विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में टुमेश्वरी ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के माध्यमिक विभाग के भाषण वर्ग में माध्यमिक शाला नीचेकोहड़ा की छात्रा कुमारी टुमेश्वरी ने उत्कृष्ट वक्तृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी सफलता से संकुल भर्रीटोला के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। टुमेश्वरी की उपलब्धि को विद्यालय और संकुल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
वहीं प्राथमिक विभाग के चित्रकला वर्ग में प्राथमिक शाला घोरदा के छात्र ने अष्टम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता के बाद आयोजित सम्मान समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा कोषाध्यक्ष राजेश जैन, भाजपा प्रदेश महिला उपाध्यक्ष कमलेश सारस्वत, पार्षद दिलीप कुंभकार, विमल यादव सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम कुमार धीवर, विकासखंड स्रोत समन्वयक संतोष पांडे, मुकेश शुक्ला व्याख्याता एवं संकुल समन्वयक राजेश कुमार साहू ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका स्वागत किया। अतिथियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अध्ययन के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों की मेहनत को भी मिली सराहना
इस उपलब्धि के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में संकुल भर्रीटोला की ओर से गौरी कारटे, कृपाराम साहू, राकेश बाबू श्रीवास, अरविन्दर सिंह भाटिया एवं कामता प्रसाद बार्गिल सहित समस्त शिक्षकों ने सहभागिता प्रदान की।

0 टिप्पणियाँ