Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर हो मोहला जिला अस्पताल का नामकरण, भीम आर्मी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 



आदिवासी जननायक के सम्मान में उठी आवाज, राज्य शासन को प्रस्ताव भेजने की मांग; संगठन ने कहा—नामकरण से नई पीढ़ी को मिलेगा प्रेरणादायी इतिहास

NBP NEWS / मोहला / 24 सितंबर 2026

मोहला। जिला मुख्यालय मोहला स्थित जिला अस्पताल का नाम महान आदिवासी जननायक एवं क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किए जाने की मांग तेज हो गई है। इसी मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के पदाधिकारियों ने माननीय कलेक्टर महोदया को ज्ञापन सौंपकर जिला अस्पताल के नामकरण का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजने की मांग की है।

संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक धमगाये के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी आदिवासी बहुल क्षेत्र है। इस क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान में आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख शासकीय स्वास्थ्य संस्थान का नामकरण आदिवासी समाज के महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया जाना उनके योगदान और बलिदान के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।

जल, जंगल, जमीन और अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक हैं बिरसा मुंडा

भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष केवल एक दौर का आंदोलन नहीं, बल्कि सामाजिक स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय है।

संगठन का कहना है कि "भगवान बिरसा मुंडा जिला अस्पताल, मोहला" नामकरण किए जाने से महान जननायक के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान मिलेगा। साथ ही अस्पताल से जुड़े लोगों और क्षेत्र में आने वाली भावी पीढ़ियों को भी उनके संघर्ष, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को जानने तथा उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

संगठन की प्रमुख मांगें

भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष प्रमुख रूप से मांग रखी कि—

  • जिला मुख्यालय मोहला स्थित जिला अस्पताल का नाम "भगवान बिरसा मुंडा जिला अस्पताल, मोहला" किया जाए।

  • नामकरण के संबंध में आवश्यक शासकीय प्रक्रिया एवं औपचारिक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए।

  • जिला अस्पताल के नामकरण का प्रस्ताव अनुशंसा सहित राज्य शासन के सक्षम स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा जाए।

संगठन पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष दीपक धमगाये, जिला उपाध्यक्ष चतुर गजभिए, जिला सचिव मिथलेश जनबंधु सहित कार्यकारिणी सदस्य मिलिंद सहारे, परमेश अंबादे, राम लाड़ेस्वर, अरुण लाड़ेस्वर, आशुतोष साकरे, हुतेश लाड़ेस्वर, शुभम लाड़ेस्वर एवं निखिल लाड़ेस्वर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ