जिले की डिजिटल पहचान को मजबूत करने और शासन की योजनाओं एवं स्थानीय सकारात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स मीट का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देशानुसार किया गया।
बैठक में प्रशासन और स्थानीय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, जिले की उपलब्धियों, पर्यटन, संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
योजनाओं और स्थानीय उपलब्धियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने पर जोर
बैठक में डिप्टी कलेक्टर शुंभांगी गुप्ता, जिला जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र आर्य, सोशल मीडिया समन्वयक नितिन ठाकुर सहित विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूब चैनल एवं सोशल मीडिया पेज संचालक तथा अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, अभियानों और नवाचारों की जानकारी क्रिएटर्स के साथ साझा की गई। इसके साथ ही जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं, स्थानीय कला एवं परंपराओं, प्रतिभाशाली युवाओं, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों और सफल हितग्राहियों की कहानियों को डिजिटल माध्यम से सामने लाने पर जोर दिया गया।
प्रशासन और क्रिएटर्स के बीच सहयोग पर जोर
बैठक में कहा गया कि जिले की मजबूत डिजिटल पहचान बनाने के लिए प्रशासन और स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स के बीच बेहतर सहयोग और समन्वय जरूरी है। क्रिएटर्स को उनकी रुचि, विशेषज्ञता और संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म के अनुरूप विभिन्न विषयों पर कंटेंट तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके अलावा जिले में डिजिटल इन्फ्लुएंसर कल्चर को विकसित करने, नियमित कंटेंट निर्माण, प्रमुख शासकीय गतिविधियों और अभियानों के डिजिटल कवरेज, स्थानीय व्यवसाय एवं पर्यटन को बढ़ावा देने तथा भविष्य में संयुक्त डिजिटल अभियानों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
“मांग पैदा कीजिए, अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा प्रशासन”
बैठक में जिले को लेकर बनी एक आम धारणा पर भी चर्चा हुई। कई बार यह बात सामने आती है कि “जिले में मांग नहीं है, इसलिए नया कुछ नहीं हो पा रहा।” इस पर प्रशासन की ओर से डिजिटल माध्यमों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि जिले की संभावनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाकर नई मांग और नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसी भावना के साथ “आप मांग उत्पन्न कीजिए, प्रशासन अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगा” के संदेश के साथ प्रशासन और क्रिएटर्स को मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के प्रचार-प्रसार में क्रिएटर्स की भूमिका
आगामी सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। प्रशासन ने स्थानीय डिजिटल क्रिएटर्स को अभियान से जुड़कर इसके उद्देश्यों और गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में कहा गया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी अपेक्षाकृत नया जिला है और अपनी अलग डिजिटल पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए यह उपयुक्त समय है। प्रशासन ने स्थानीय क्रिएटर्स के साथ निरंतर समन्वय, आवश्यक सहयोग तथा उनके सकारात्मक कार्यों को उचित मंच पर प्रोत्साहन और पहचान दिलाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
बैठक के अंत में प्रशासन एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने जिले की सकारात्मक पहचान को नई ऊंचाई देने और “साथ मिलकर जिले की कहानी को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने” की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
0 टिप्पणियाँ