NBP NEWS/ मोहला, 19 अगस्त 2026। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जिला मुख्यालय मोहला क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा 18 अगस्त 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जिला मुख्यालय मोहला से बड़ी संख्या में आवारा पशु विजयपुर, माड़िगापिड़िया, मूसरा, माड़िगापिड़िया घेनू, कोंडेकवाड़ा, हथरेल, कांगामटोला, ततोड़ा, मिस्री और सुखरबोड़ सहित आसपास के गांवों की ओर छोड़ दिए जाते हैं। इन पशुओं के खेतों में पहुंचने से किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आवारा पशुओं के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि समय रहते पशुओं को रखने और नियंत्रित करने की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो फसलों को और अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि आवारा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे खेतों में प्रवेश न कर सकें और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
ज्ञापन की एक प्रतिलिपि थाना प्रभारी, मोहला को भी दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ